- सुरक्षित एवं दक्ष लॉन्गवॉल संचालन हेतु तैयार सुरक्षा रोडमैप और मानक कार्यप्रणालियों की हुई समीक्षा
बीसीसीएल की मुनिडीह कोलियरी स्थित XV सीम लॉन्गवॉल परियोजना का आज डीजीएमएस (सेंट्रल ज़ोन), धनबाद, आईआईटी (आईएसएम), धनबाद, सीएमपीडीआईएल तथा बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर परियोजना में चल रही तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों का विस्तृत अवलोकन करते हुए लॉन्गवॉल परियोजना के सुरक्षित, व्यवस्थित एवं प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में डीजीएमएस (सेंट्रल ज़ोन) धनबाद से श्री एस. के. गिम्मेदी, डीएमएस (माइनिंग), श्री आर. मेरुगु, डीएमएस (इलेक्ट्रिकल), श्री ए. के. रामनरेश यादव, डीएमएस (मैकेनिकल), श्री राहुल पुरोहित, डीडीएमएस (माइनिंग), श्री वी. प्रताप ए., डीडीएमएस (इलेक्ट्रिकल) तथा श्री एच. गौतम, डीडीएमएस (मैकेनिकल) शामिल थे। इसके अतिरिक्त आईआईटी (आईएसएम), धनबाद के प्रो. आर. के. सिन्हा, सीएमपीडीआईएल रीजन-II के क्षेत्रीय निदेशक श्री घनश्याम एस. गहलोत, आईएसओ के महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्री एस. शरण तथा बीसीसीएल आईएसओ के श्री अनिल कुमार भी निरीक्षण दल का हिस्सा रहे।
महाप्रबंधक (पश्चिमी झरिया) श्री वी. विजय कुमार की उपस्थिति में निरीक्षण दल ने XV सीम लॉन्गवॉल परियोजना में सफलतापूर्वक संपन्न कम्पैटिबिलिटी टेस्ट, असेम्बली स्टेशन की कार्यप्रणाली तथा मोनोरेल के माध्यम से पीआरएस (PRS) परिवहन का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना में अपनाई जा रही तकनीकी प्रक्रियाओं एवं कार्य निष्पादन की समीक्षा की गई।
इसके उपरांत मुनिडीह ऑफिसर्स क्लब में ‘XV सीम लॉन्गवॉल उपकरणों के असेंबली एवं कमीशनिंग के लिए सुरक्षा रोडमैप’ विषय पर एक विचार-विमर्श (ब्रेनस्टॉर्मिंग) सत्र आयोजित किया गया, जिसका समन्वयन प्रोजेक्ट ऑफिसर डॉ. सन्नी राव ने किया। सत्र में परियोजना से संबंधित सभी गतिविधियों के लिए तैयार किए गए स्टैंडर्ड मेथड प्रोसीजर्स (SMPs) तथा स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर्स (SOPs) पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों, बीसीसीएल, इंडू (INDU) के अधिकारियों तथा सेफ्टी कमेटी के सदस्यों ने विभिन्न प्रक्रियाओं, संभावित जोखिमों तथा सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक में सुरक्षित कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाने, मानकीकृत कार्य प्रणालियों के प्रभावी अनुपालन तथा लॉन्गवॉल परियोजना की असेम्बली एवं कमीशनिंग के प्रत्येक चरण में सर्वोच्च सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष बल दिया गया। विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों एवं तकनीकी मार्गदर्शन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बीसीसीएल द्वारा आधुनिक एवं उन्नत खनन तकनीकों को सुरक्षित कार्य-संस्कृति के साथ अपनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित यह निरीक्षण एवं विचार-मंथन सत्र परियोजना के सुरक्षित संचालन, तकनीकी उत्कृष्टता तथा परिचालन दक्षता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।















