मिशन नींव अंतर्गत सेक्टर परासी एवं अनूपपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण संपन्न

---Advertisement---

 

अनूपपुर, 19 जुलाई 2026- प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा की गुणवत्ता सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से संचालित मिशन नींव के अंतर्गत परियोजना अनूपपुर के सेक्टर परासी एवं अनूपपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन मिशन नींव के जिला समन्वयक श्री किशन कुमार जायसवाल द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के लिए सुरक्षित, सहयोगात्मक एवं प्रोत्साहनपूर्ण शिक्षण वातावरण विकसित करने संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही भाषा विकास, शारीरिक विकास, संज्ञानात्मक विकास तथा सामाजिक-भावनात्मक विकास सहित प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के प्रमुख आयामों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे कार्यकर्ता बच्चों के समग्र विकास हेतु प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।

प्रशिक्षण में आंगनवाड़ी केंद्र की दैनिक समय-सारणी, गतिविधि-आधारित शिक्षण, कक्षा संचालन की प्रभावी तकनीकों तथा बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को रुचिकर एवं सहभागितापूर्ण बनाने के विभिन्न उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। इसके अतिरिक्त शिक्षण-अधिगम सामग्री के महत्व, उसके प्रभावी उपयोग तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से कम लागत में टीएलएम निर्माण के व्यावहारिक पहलुओं से भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजीता भगत, सहायक संचालक श्रीमती मंजूषा शर्मा तथा पर्यवेक्षक श्रीमती दयमंती सिंह का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ।

मिशन नींव के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता संवर्धन के माध्यम से प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा बच्चों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment