धनतेरस पर कोरिया पुलिस ने लौटाई 25 लोगों की खुशियां

---Advertisement---
  • साइबर सेल ने करीब 3.50 लाख रुपये कीमत के 25 मोबाइल किये बरामद, पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने वास्तविक मालिकों को सौंपे

बैकुंठपुर। धनतेरस के पर्व पर कोरिया पुलिस ने लोगों को ऐसा उपहार दिया जिसकी उन्हें लंबे समय से प्रतीक्षा थी। बाजार में जहां लोग नये सामान की खरीदारी कर त्योहार मना रहे थे वहीं कोरिया पुलिस ने तकनीकी दक्षता और अपनी सक्रियता से 25 लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन खोजकर उन्हें वापस लौटा दिये। अपने खोये हुए मोबाइल हाथों में आते ही लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने यह सफलता हासिल की। उप पुलिस अधीक्षक आशा सेन, एसडीओपी मोहसिन खान एवं उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी मोहम्मद तालिब शेख के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी माध्यमों का सहारा लेते हुए गुम मोबाइल फोन की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद अलग अलग स्थानों से कुल 25 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।

धनतेरस के शुभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिये यह पल किसी बड़े उपहार से कम नहीं था। मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने कोरिया पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक और साइबर सेल की पूरी टीम के प्रति आभार जताया।

  • नागरिकों की खुशियों में सहभागी बनी पुलिस

कोरिया पुलिस की यह पहल बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों पर कार्यवाही करने और कानून व्यवस्था बनाये रखने तक सीमित नहीं है बल्कि आम नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाना भी उसकी प्राथमिकता है। त्योहार के मौके पर गुम मोबाइल वापस लौटाकर पुलिस ने जनसेवा और नागरिकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

  • मोबाइल गुम होने पर तत्काल करें शिकायत

कोरिया पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें और भारत सरकार के CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर मोबाइल ब्लॉक कराने के लिये शिकायत दर्ज करें वहीं किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देर किये साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
कोरिया पुलिस की इस पहल ने धनतेरस के पर्व पर 25 परिवारों के लिये खुशियों का एक यादगार अवसर बना दिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment