ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
*धार।* धन्वन्तरि जयंती के पावन अवसर पर अखिल भारतीय चिकित्सा संघ धार जिला इकाई द्वारा विधि-विधान से भगवान धन्वन्तरि का पूजन किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने समस्त भारतवासियों के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में भगवान धन्वन्तरि के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान धन्वन्तरि को आयुर्वेद का जनक और आरोग्य का देवता माना जाता है। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज को निरोग बनाया जा सकता है। चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। आज के समय में जब जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं, तब आयुर्वेद, योग और संतुलित आहार की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
इस अवसर पर डॉ. अशोक शास्त्री, अखिल भारतीय महामंत्री चिकित्सा महासंघ, डॉ. अभिषेक वैद्य, जिला अध्यक्ष अखिल भारतीय चिकित्सा महासंघ, डॉ. रमाकांत मुकुट, सचिव रेड क्रॉस सोसायटी, डॉ. रत्नेश निगम, आशीष वैद्य, कोषाध्यक्ष सरस्वती शिशु मंदिर समिति, उदयराम जी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अंत में सभी ने समाज सेवा और जन स्वास्थ्य के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। उक्त जानकारी नीलेश जैन ने दी।




























