अमरकंटक ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पुष्पराजगढ़ ने बहपुर को 2-1 से हराया

---Advertisement---
  • रोमांचक मुकाबले में पुष्पराजगढ़ ने जीती विजेता शील्ड , बहपुर बनी उपविजेता , विजेता को 25,555 और उपविजेता को 15,555 रुपये की नकद राशि सहित मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में आयोजित ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार समापन एकादशी दिन गुरुवार तारीख 05 नवंबर 2026 के पावन अवसर पर रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ । फाइनल मैच में पुष्पराजगढ़ और बहपुर की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला । दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया लेकिन पुष्पराजगढ़ की टीम ने दो गोल दागकर बढ़त बनाई । जवाब में बहपुर की टीम ने एक गोल किया । इस तरह पुष्पराजगढ़ ने 2-1 से शानदार जीत दर्ज कर विजेता शील्ड पर अपना कब्जा जमाया जबकि बहपुर की टीम उपविजेता रही ।

प्रतियोगिता का शुभारंभ एकादशी के दिन हुआ था और समापन भी एकादशी को ही हुआ । प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर शांति कुटी आश्रम के पूज्य संत श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज , पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के विधायक श्री फुंदेलाल सिंह मार्को तथा नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह ऊईके प्रमुख रूप से उपस्थित रहे । इन्हीं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ ।

फाइनल मुकाबला निर्धारित 20-20 मिनट के दो हाफ में खेला गया । खेल में निर्णायक की भूमिका नंदकिशोर चौहान , सूर्यकांत सेन एवं समीर शर्मा ने निभाई । विजेता पुष्पराजगढ़ टीम को 25,555 रुपये की नकद पुरस्कार राशि , शील्ड , मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए । वहीं उपविजेता बहपुर की टीम को 15,555 रुपये की नकद राशि के साथ मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया । उपविजेता टीम की पुरस्कार राशि कल्याण सेवा आश्रम की ओर से प्रदान की गई । इस खेल में 32 टीमों ने भाग लिया था ।

  • संत एवं विधायक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

समापन समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज ने कहा कि खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है । खेल जीवन में अनुशासन , आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं । खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना एवं निर्धारित नियमों का पालन करते हुए खेलना चाहिए ।
विधायक श्री फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि आज के नवयुवक ही कल के भविष्य हैं । क्षेत्र में फुटबॉल जैसे खेलों के आयोजन से बच्चों एवं युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा । ऐसे आयोजनों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आएंगे जो आगे चलकर प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे ।

  • नगरवासियों के सहयोग से प्रतिवर्ष हो रहा आयोजन

आयोजनकर्ता विरु तंबोली ने बताया कि प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना , उनकी प्रतिभा को निखारना और फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाना है । नगरवासियों के सहयोग से यह आयोजन निरंतर आगे बढ़ रहा है और प्रतिवर्ष खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है ।

  • आयोजन में मिला व्यापक सहयोग

फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने में विभिन्न संस्थाओं , आश्रमों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया । कल्याण सेवा आश्रम द्वारा उपविजेता टीम के लिए 15,555 रुपये , शांति कुटी आश्रम के श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज द्वारा 5,100 रुपये , बर्फानी आश्रम के महामंडलेश्वर बालयोगी लक्ष्मण दास जी महाराज द्वारा 5,100 रुपये , मृत्युंजय आश्रम के पंडित योगेश दुबे द्वारा 5100 , होटल अमरकंटक इन के मैनेजर द्वारा 11,000 रुपये , व्यापारी ओमप्रकाश अग्रवाल द्वारा 5,100 रुपये तथा ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष शिवप्रसाद गौतम (लाला) द्वारा 1,100 रुपये का सहयोग प्रदान किया गया । इसके अलावा भी अनेक लोगों ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से आयोजन में अपना योगदान दिया ।

  • ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज , विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को , नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह ऊईके , सीएमओ चैन सिंह परस्ते , व्यापारी ओमप्रकाश अग्रवाल , विधायक प्रतिनिधि श्यामलाल सेन , ब्राह्मण समाज जिलाध्यक्ष शिवप्रसाद गौतम , पार्षद पति चुन्नू जैन , पूर्व जनपद सदस्य मुकेश चंद्रवंशी , आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष मार्को , अभिषेक द्विवेदी , देव झरिया , केशव कुशवाहा , आयोजनकर्ता विरु तंबोली , सांसद प्रतिनिधि प्रकाश द्विवेदी , तनिष्क अग्रवाल , दुष्यंत उइके , विनायक द्विवेदी , पत्रकार धनंजय तिवारी , श्रवण उपाध्याय एवं विपुल बारमाइया सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं नगरवासी उपस्थित रहे । प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं समापन पर खिलाड़ियों , आयोजकों और सहयोगकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा । इस आयोजन ने एक बार फिर अमरकंटक में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की सार्थक पहल को मजबूत किया ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment