लंबे समय से फरार आरोपियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा

---Advertisement---

### कोतवाली पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 18 फरार वारंटी गिरफ्तार

  • 13 स्थाई वारंटी और 5 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा, ; न्यायालय में किया पेश

अनूपपुर। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अनूपपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में शुक्रवार की रात्रि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 13 स्थाई वारंटियों और 5 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 18 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ सिंह मरकाम एवं एसडीओपी अनूपपुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वारंटियों की तलाश की। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

  • इन स्थाई वारंटियों को किया गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई में स्थाई वारंटी कमल सिंह मरावी (19) निवासी धनपुरी थाना राजेंद्रग्राम, मनोहर सिंह गोंड (30) निवासी नौगई थाना राजेंद्रग्राम, रामप्रसाद कोल (33) निवासी गलौया टोला थाना बिजुरी, परसादी सिंह गोंड (32) निवासी शिवरी चंदास थाना राजेंद्रग्राम, बालकरण गोंड (47) निवासी जमुड़ी, भोला सिंह गोंड (37) निवासी अमरकंटक रोड अनूपपुर, जावेद उर्फ जादे खान (30) निवासी चमन चौक फुनगा तथा गीता रौतेल (35) निवासी बरबसपुर को गिरफ्तार किया गया।

  • पांच गिरफ्तारी वारंटियों पर भी कार्रवाई

इसी प्रकार गिरफ्तारी वारंटियों में हरीशचन्द्र नायक (58) निवासी भमरहा, डबलू सिंह बंजारा (30) निवासी बड़हर, श्रवण चौधरी (31) निवासी पोड़ी छुहाईटोला, अशोक कोल (35) निवासी चचंगटोला पोड़ी तथा नीरज उर्फ बिन्दा यादव (23) निवासी औढेरा को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

  • गुंडा और निगरानी बदमाशों की भी हुई जांच

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की भी जांच की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही फरार वारंटियों की तलाश और न्यायालय से जारी वारंटों की तामीली को प्राथमिकता दी गई। पुलिस का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और न्यायालयीन कार्रवाई से बच रहे आरोपियों को कानून के दायरे में लाना है।

  • पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कोमल अरजरिया, प्रधान आरक्षक शिव शंकर प्रजापति, नितिन नामदेव, दीपक बुन्देला, महेन्द्र राठौर, रीतेश सिंह, राजेश कंवर, प्रकाशचन्द्र तिवारी, खेमराज मार्को, आरक्षक संजय सिंह, अर्जुन भदौरिया, सूजल पटेल, राहुल तिवारी तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार एवं पंकज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे इस अभियान से फरार आरोपियों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों, निगरानी बदमाशों और अपराधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment