कलेक्टर ने पुष्पराजगढ़ में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर सेवाओं की समीक्षा की

---Advertisement---
  • स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

अनूपपुर 31 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत दम्हेड़ी, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी स्वास्थ्य अमले को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की समय पर स्वास्थ्य जांच एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी का समय स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को समय पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के बीच बेहतर समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर सूचीबद्ध करने तथा पात्र व्यक्तियों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर आयोजित करने को कहा। साथ ही एएनसी जांच एवं पंजीयन समय पर सुनिश्चित करने, निर्धारित पोर्टल पर आवश्यक रिपोर्टिंग करने तथा स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सभी अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, एसडीएम पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सक एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment