अनूपपुर 31 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जिला चिकित्सालय एवं नर्सिंग कॉलेज अनूपपुर में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन डॉ. एस.आर. परस्ते के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अंजलि सिंह सहित चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों ने सहभागिता की। वहीं नर्सिंग कॉलेज में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंजलि सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. शिवेंद्र द्विवेदी एवं कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती रेनू सिंह उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, विशेषकर मुख कैंसर, फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों की जानकारी दी गई। नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों तथा कैंसर के विभिन्न प्रकार और उपचार संबंधी जानकारी प्रस्तुत की। उपस्थितजनों को तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय एवं नर्सिंग कॉलेज परिसर को तंबाकू मुक्त बनाए रखने तथा तंबाकू मुक्त ग्राम के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थितजनों ने स्वयं तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने, सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू निषेध नियमों का पालन करने तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।







































































