कबाड़ चोरों का आतंक, केबल काटने से 100 से अधिक घरों में छाया अंधेरा
अवैध कबाड़ के अड्डों में कार्यवाही की मांग
कोतमा। नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र की गोविंदा कॉलोनी में आधीरात को कबाड़ चोरों ने बिजली सब-स्टेशन को निशाना बनाते हुए करीब 20 हजार कीमती कॉपर केबल चोरी कर ले गए। चोरों ने सब-स्टेशन का ताला और चैनल गेट तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। केबल चोरी होने के बाद कॉलोनी के 100 से अधिक क्वार्टरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे पूरी रात कॉलोनी अंधेरे में डूबी रही
कबाड़ चोरों की करतूत से पूरी कॉलोनी में पानी का संकट भी छा गया।जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात का फायदा उठाकर बिजली सब-स्टेशन में प्रवेश किया और कटर व अन्य औजारों की मदद से मुख्य सप्लाई की केबल काटकर ले गए। चोरी की गई केबल की कीमत 20 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। बिजली गुल होने के बाद जब कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सब-स्टेशन का निरीक्षण किया, तब केबल चोरी होने की जानकारी सामने आई
अंधेरे में डूबी कॉलोनी, पानी की सप्लाई भी प्रभावित: कॉपर केबल चोरी के कारण गोविंदा कॉलोनी के 100 से अधिक परिवारों को कई घंटों तक बिजली के बिना रहना पड़ा। बिजली आपूर्ति बंद होने से पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चों और बुजुर्गों को भी अंधेरे में काफी दिक्कतें हुईं। घटना के बाद स्थानीय महिलाओं और रहवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि कबाड़ चोर आए दिन कॉलरी खदानों एवं क्वार्टरों में सक्रिय रहते हैं
चोरी की घटना से महिलाओं एवं कॉलरी कर्मचारियों में जमकर आक्रोश है
गली-गली कबाड़ के अड्डों पर कार्यवाही की मांग:कोयलांचल क्षेत्र में गली गली खुले कबाड़ के अड्डे में चोरी का माल खपाया जाता है। कुछ दिनों पूर्व पुलिस ने बसखली तिराहे में संचालित बबलू कबाड़ी के ठीहे से एक दर्जन से ज्यादा चोरी की गाड़ियों को कटने से पूर्व जप्त करते हुए जेल भेजा था। स्थानीय नागरिकों ने थाना प्रभारी से क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ के अड्डों पर छापा मारते हुए कार्यवाही की मांग की गई है


































































