करंट फैलाकर जंगली सूअर का शिकार,3 आरोपी गिरफ्तार
मांस, औजार सहित सामग्री बरामद
कोतमा। वन्यजीवों के संरक्षण एवं अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन परिक्षेत्र बिजुरी की टीम ने जंगली सूअर के शिकार के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है
कार्यवाही को लेकर रेंजर पवन ताम्रकार से मिली जानकारी अनुसार वन परिक्षेत्र बिजुरी अंतर्गत कदमहा बीट के पश्चिम भेड़रीतलैया क्षेत्र में 29 सितंबर की रात शिकारियों ने जंगली जानवर का शिकार करने के उद्देश्य से 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर जंगल क्षेत्र में करीब 2 किलोमीटर तक करंट प्रवाहित किया था। करंट की चपेट में आने से एक जंगली सूअर की मौत हो गई
आरोपियों ने विद्युत तार के माध्यम से जंगल में अलग-अलग स्थानों पर करंट प्रवाहित करने के लिए खूंटियां लगाई थीं। जंगली सूअर की मौत के बाद आरोपियों ने उसके मांस को पकाकर खाने की तैयारी में थे। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जंगली सूअर की हड्डियों एवं अन्य अवशेषों को जलाने का प्रयास भी किया गया।
गुप्त सूचना पर वन विभाग ने की कार्रवाई: शिकार की सूचना वन विभाग को गुप्त सूत्रों से मिली। इसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी पवन ताम्रकार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान 1 अक्टूबर को तीन आरोपियों बैसाखू पाव, महेश यादव और अरुण तिग्गा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं संबंधित वन अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया


































































