आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में गूंजा सुपोषण और बाल विकास का संदेश
पोषण प्रदर्शनी, संवाद और जागरूकता के साथ बच्चों को भेंट की गई खेल एवं शिक्षण सामग्री

भरत मिश्रा, कोतमा रिपोर्टर
कोतमा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास परियोजना कोतमा द्वारा वार्ड क्रमांक 06 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, सुपोषण, स्वच्छता तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के प्रति अभिभावकों और समुदाय को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष वैशाली बद्री ताम्रकार, पार्षद अभिषेक सराफ सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय महिलाएं, लाड़ली बहना हितग्राही, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हुए। विभाग द्वारा पोषण प्रदर्शनी लगाकर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री की उपयोगिता बताई गई।
इस दौरान माताओं के साथ संवाद कर बच्चों की नियमित देखभाल, टीकाकरण और कुपोषण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। बच्चों के खेलकूद एवं बौद्धिक विकास के लिए आंगनवाड़ी केंद्र को खिलौने और शिक्षण सामग्री भी भेंट की गई।
सेक्टर पर्यवेक्षक चिंती चौके ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति समुदाय का जुड़ाव मजबूत होता है। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित संबंधित कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया।



































































