जिले ने विभिन्न क्षेत्रों में जो उपलब्धियां अर्जित की हैं, उन्हें आगे भी बनाए रखते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा

---Advertisement---

 

अनूपपुर जिले में विकास कार्य की अपार संभावनाएं- स्थानांतरित कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली

जिला प्रशासन परिवार ने स्थानांतरित कलेक्टर को दी विदाई नवागत कलेक्टर का किया स्वागत

अनूपपुर 01 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के स्थानांतरण उपरांत होटल सूर्या के सभागार में जिला प्रशासन परिवार द्वारा आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद पुनः इस अंचल में लौटना उनके लिए भावनात्मक अवसर है। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पूर्व डिंडोरी में कार्य करने के बाद अब अनूपपुर में सेवा का अवसर मिला है। उन्हें विश्वास है कि पूर्व में अधूरे रह गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक के प्राकृतिक वैभव, पर्यावरण एवं नदी संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास और संरक्षण के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

नवागत कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता यह दर्शाती है कि स्थानांतरित कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने अपने नेतृत्व और कार्यशैली से सभी के बीच विश्वास कायम किया है। उन्होंने कहा कि श्री पंचोली के कार्यकाल में जिले ने विभिन्न क्षेत्रों में जो उपलब्धियां अर्जित की हैं, उन्हें आगे भी बनाए रखते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी। उन्होंने श्री पंचोली के उज्ज्वल भविष्य तथा उनके परिवार के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए स्थानांतरित कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि लगभग दो वर्षों के कार्यकाल में जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों जनप्रतिनिधियों व मीडिया के सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल गवर्नेंस एवं आधारभूत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों तथा शिक्षा के क्षेत्र में जिले की उत्कृष्ट उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैय्यारी, डिजिटल शिक्षा और स्थानीय युवाओं के कौशल विकास को आगे भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि जिले के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

श्री पंचोली ने कहा कि नीति आयोग के सहयोग से कोदो प्रसंस्करण इकाई की स्थापना, औद्योगिक विकास तथा स्थानीय युवाओं के कौशल उन्नयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए कहा कि औद्योगिक विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने अमरकंटक में अतिक्रमण नियंत्रण, ड्रोन सर्वे, नर्मदा संरक्षण, नर्मदा समग्र मिशन एवं नर्मदा उत्सव जैसे प्रयासों को जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इन कार्यों की निरंतरता बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने डिजिटल गवर्नेंस, ई-ऑफिस, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी, राजस्व प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के समन्वित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि टीम भावना से कार्य करने के कारण जिले ने प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए जिले की निरंतर प्रगति तथा सभी के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, जिला समन्वयक, जन अभियान परिषद श्री उमेश पाण्डेय ने भी संबोधित कर अपने विचार व्यक्त किए कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत के मीडिया प्रभारी श्री अमित श्रीवास्तव ने किया।

इस दौरान स्थानांतरित कलेक्टर को वर्तमान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्मृति चिन्ह एवं बीजापुरी शिल्प कास्ट से निर्मित मां नर्मदा का छायाचित्र भेंट किया।कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी कोतमा श्री टीआर नाग, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शीतल ठाकुर, सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment