हरतालिका तीज पर महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत , परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

---Advertisement---

हरतालिका तीज पर महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत , परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में हरतालिका तीज पर्व श्रद्धा , आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया । सुहागिन महिलाओं एवं कुंवारी कन्याओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव एवं माता पार्वती का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया ।

मंगलवार प्रातः व्रत की समाप्ति के पश्चात महिलाओं ने पूजा संपन्न कर प्रसाद ग्रहण किया । इस अवसर पर महिलाओं ने एकत्रित होकर फूलों का सुंदर फुलेहरा (झूला) सजाया तथा उसके नीचे मिट्टी से भगवान शिव , माता पार्वती , श्रीगणेश , कार्तिकेय एवं उनके परिवार की प्रतिमाओं का निर्माण कर पारंपरिक विधि से पूजा की । महिलाओं ने दिन और रात्रि भर बिना अन्न-जल ग्रहण किए अपने परिवार की सुख-शांति , समृद्धि एवं वैभव की कामना की ।
मान्यता है कि हरतालिका तीज का व्रत अखंड सौभाग्य , दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि तथा पति की दीर्घायु के लिए रखा जाता है । वहीं अविवाहित कन्याएं भी मनचाहे वर एवं योग्य जीवनसाथी की प्राप्ति की कामना से यह व्रत करती हैं ।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वर्ष में एक बार आने वाला यह व्रत अत्यंत कठिन माना जाता है , जिसे सुहागिन महिलाएं एवं कुंवारी कन्याएं पूरी श्रद्धा , संयम और भक्ति के साथ संपन्न करती हैं । हरतालिका तीज के अवसर पर क्षेत्र के मंदिरों एवं घरों में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment