अवैध रेत से लदा 5.05 लाख का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक पर मामला दर्ज
बिजुरी पुलिस ने रात में घेराबंदी कर पकड़ा वाहन, बिना वैध अनुमति के हो रहा था रेत का परिवहन
बिजुरी। अवैध खनन एवं रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। जब्त वाहन एवं रेत की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। मामले में वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार 14-15 सितंबर 2026 की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिजुरी क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कोठी गैस एजेंसी के पास कोठी-पकरिहा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
इसी दौरान नीले रंग के एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई। वाहन में रेत लदी हुई पाई गई। पुलिस ने चालक से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज एवं अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम ओम कुशवाहा, पिता नरेश प्रसाद कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोठी, थाना बिजुरी बताया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं उसमें लदी रेत को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया।
पुलिस ने आरोपी ओम कुशवाहा के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता, धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
करीब 5.05 लाख रुपये का मशरूका जब्त
कार्रवाई के दौरान अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में प्रदीप अग्निहोत्री, रवि सिंह, मनोज उपाध्याय और रामनिवास गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


































































