घर से नाराज होकर नाना के घर पहुंची 18 वर्षीय युवती, पुलिस ने सकुशल बरामद कर मां को सौंपा

---Advertisement---

घर से नाराज होकर नाना के घर पहुंची 18 वर्षीय युवती, पुलिस ने सकुशल बरामद कर मां को सौंपा

दो माह से लापता बालिका की तलाश में जुटी थी करनपठार पुलिस, पूछताछ में सामने आई पारिवारिक विवाद की वजह

अनूपपुर। करनपठार थाना क्षेत्र की सरई चौकी पुलिस ने करीब ढाई माह से लापता 18 वर्षीय युवती को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली। पूछताछ में युवती ने बताया कि माता-पिता से तकरार होने और पढ़ाई नहीं करवाए जाने से नाराज होकर वह बिना बताए अपने नाना के घर चली गई थी।

जानकारी के अनुसार ग्राम बुल्हुपानी निवासी दरियाब सिंह गोंड ने 5 जुलाई 2026 को सरई चौकी पहुंचकर सूचना दी थी कि उसकी पुत्री, जिसे पुलिस ने काल्पनिक नाम कु. श्यामबाई के रूप में दर्ज किया, 27 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 0/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी। थाना करनपठार में इसे गुम इंसान क्रमांक 30/26 के रूप में दर्ज किया गया।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार दर्ज हुआ अपराध

गुमशुदगी की जांच और पतारसी के दौरान माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना करनपठार में अपराध क्रमांक 260/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस लगातार युवती की तलाश और उसके संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही थी।

नाना के घर मिली युवती

लगातार पतारसी के बाद 15 सितंबर 2026 को पुलिस को सफलता मिली और गुमशुदा युवती को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि माता-पिता से विवाद होने तथा अपनी पढ़ाई नहीं करवाए जाने से नाराज होकर वह बिना बताए अपने नाना मोहन सिंह के घर चली गई थी।

युवती ने पूछताछ में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने या उसके साथ किसी प्रकार का गलत काम किए जाने से इनकार किया। उसने अपनी इच्छा से अपनी मां के साथ रहने की बात कही।

पंचनामा के बाद मां को किया सुपुर्द

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद साक्षियों भागसिंह, सरपंच ग्राम पंचायत सरई और राजेन्द्र मार्को की मौजूदगी में सुपुर्दगी पंचनामा तैयार किया। इसके बाद युवती को उसकी मां लमिया बाई, निवासी ग्राम बुल्हुपानी के सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में मंगला दुबे, चौकी प्रभारी सरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में उमेश उपाध्याय, रामप्रसाद मरावी, फूल सिंह श्याम, साहब सौर, मनोज धुर्वे और अनुराग सिंह शामिल रहे। पुलिस की त्वरित पतारसी और कार्रवाई के परिणामस्वरूप लंबे समय से लापता युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों तक पहुंचाया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment