गुरु पूर्णिमा पर एनसीएल ने किया इन-हाउस फैकल्टी का सम्मान
बुधवार को सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इन-हाउस फैकल्टी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कंपनी के उन आंतरिक संकाय सदस्यों (इन-हाउस फैकल्टी) के योगदान का सम्मान करना था, जिन्होंने गैर -अधिकारी (नॉन-एक्जीक्यूटिव) से अधिकारी (एक्जीक्यूटिव) संवर्ग में चयन हेतु आयोजित परीक्षा की तैयारी हेतु प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने सभी सम्मानित इन-हाउस फैकल्टी को बधाई देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता तथा उत्कृष्ट चयन दर की सराहना की।
एनसीएल द्वारा गैर-अधिकारी से अधिकारी संवर्ग में विभिन्न विषयों के लिए चयन हेतु आयोजित परीक्षा के सामान्य पाठ्यक्रम पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सीईटीआई, सिंगरौली में तीन बैचों में किया गया था। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनसीएल के अनुभवी इन-हाउस फैकल्टी ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया, जिसके परिणामस्वरूप उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
विभिन्न विधाओं के लिए आयोजित उक्त परीक्षाओं में कोल इंडिया के कुल 568 अभ्यर्थी चयनित हुए जिनमें से एनसीएल से 138 अभ्यर्थी शामिल हैं। यह कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की सभी अनुषंगी कंपनियों में सर्वाधिक 24.30 प्रतिशत चयन दर है, जो प्रशिक्षण कार्यक्रम की गुणवत्ता तथा एनसीएल के इन-हाउस फैकल्टी के समर्पित प्रयासों का परिचायक है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (एचआरडी), श्री राजन मेक, महाप्रबंधक (आईइ), श्री मनोज कुमार सिंह, वरीय प्रबंधक (आईइ), श्री रवि रंजन, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन), श्री अनुषा चेपूरी, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन), निगाही, श्री आर. पी. सिंह, प्रबंधक (वित्त ), श्री दिवाकर वशिष्ठ, प्रबंधक (खनन), श्री पंकज कुमार त्रिपाठी, उप-प्रबंधक (मानव संसाधन), श्री अभिषेक त्रिपाठी, उप-प्रबंधक (वित्त), श्री हर्ष चौहान, उप-प्रबंधक (खनन), अमलोरी, श्री सुरेश चंद्र धाकर, सहायक प्रबंधक ( मानव संसाधन), दूधीचुआ, श्री मनीष रंजन तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

















