आसनसोल, 27 अक्टूबर: ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के बंकोला क्षेत्र अंतर्गत कुमारडीही ‘ए’ कोलियरी में वाइंडिंग इंजन में आई खराबी के कारण लिफ्ट केज में फँसे सभी 12 खनिकों को मंगलवार की सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे कोलियरी के पिट संख्या 4 में हुई। घटना के तत्काल बाद वाइंडिंग इंजन को पुनः चालू करने के लिए आवश्यक प्रयास शुरू किए गए। बचाव अभियान के दौरान फँसे हुए खनिकों की कुशलता एवं स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से उन्हें भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
मंगलवार सुबह लगभग 5:45 बजे वाइंडिंग इंजन को सफलतापूर्वक पुनः चालू कर दिया गया, जिसके बाद सभी 12 खनिकों को सुरक्षित सतह पर लाया गया। बचाए गए सभी खनिकों का स्वास्थ्य सामान्य बताया गया है।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. सतीश झा ने बचाव अभियान की लगातार निगरानी की। ईसीएल के निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री गिरिश गोपीनाथन नायर ने मंगलवार को कोलियरी का दौरा किया तथा बचाए गए खनिकों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली।







































































