बीसीसीएल के सहयोग से कम्युनिटी हॉल, कोयला नगर में राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर और राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

---Advertisement---

बीसीसीएल की सीएसआर योजना के अंतर्गत कोविड-19 से प्रभावित बच्चों को छात्रवृत्ति/स्पॉन्सरशिप लाभविभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

 

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सहयोग से आज कम्युनिटी हॉल, कोयला नगर में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के सभी DLSA के लिए तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत, 2026 का वर्चुअल उद्घाटन भी संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय न्यायमूर्ति श्री सुजीत नारायण प्रसाद, न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, JHALSA, रांची उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों में श्री निकेश कुमार सिन्हा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, धनबाद, सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल, उपायुक्त धनबाद, श्री आदित्य रंजन, एसएसपी धनबाद श्री प्रभात कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, महाप्रबंधक (मा.सं.) श्री कुमार मनोज, महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिकी) श्री आर.आर. कर्ण, महाप्रबंधक (विधि) श्री कुमार शरत सिन्हा सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, जेएसएलपीएस स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएँ तथा धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं गतिविधियां

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पारंपरिक स्वागत, राष्ट्रगीत तथा सामूहिक दीप-प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। डीएवी कुसुंडा के छात्रों द्वारा स्वागत गीत तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गोविंदपुर की छात्राओं द्वारा शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर बीसीसीएल के विभिन्न जन-कल्याणकारी कार्यों-उपलब्धियों एवं सीएसआर गतिविधियों पर आधारित एक शॉर्ट फ़िल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि माननीय न्यायमूर्ति श्री सुजीत नारायण प्रसाद ने अपने संबोधन में बीसीसीएल की सीएसआर गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल का संबोधन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर केवल न्याय प्रदान करने का माध्यम नहीं, बल्कि न्याय, अधिकार एवं सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को आम नागरिक तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोक अदालत को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि न्याय की पहुंच समाज के प्रत्येक नागरिक तक सुनिश्चित होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वास्तविक सशक्तिकरण के लिए अधिकारों की जानकारी के साथ आर्थिक सहायता, आजीविका के अवसर एवं आत्मनिर्भरता के साधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। इस संदर्भ में उन्होंने बीसीसीएल की सीएसआर प्रतिबद्धता और सतत एवं समावेशी विकास के लिए कंपनी के प्रयासों को रेखांकित किया।

श्री अग्रवाल ने विशेष रूप से कोविड-19 से प्रभावित 62 बच्चों को बीसीसीएल की सीएसआर योजना के तहत प्रदान की जा रही छात्रवृत्ति (Sponsorship Benefit) को महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों की शिक्षा को निरंतरता प्रदान करने और उनके भविष्य को बेहतर अवसरों से जोड़ने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि कई जरूरतमंद नागरिकों को अपने अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी नहीं होती। ऐसे में इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में विधिक सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल भविष्य में भी जिला प्रशासन, JHALSA एवं DLSA के साथ समन्वय करते हुए समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए सहयोग जारी रखेगा।

पूर्व-मुकदमों के त्वरित निष्पादन में बीसीसीएल की उपलब्धि

विदित हो कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बीसीसीएल द्वारा सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों के विभिन्न दावों का न्यायालय में वाद दायर होने से पूर्व ही सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया है। इसके अंतर्गत 01 मई 2026 से 31 अगस्त 2026 के दौरान कुल 4,952 लाभार्थियों के पूर्व-मुकदमेबाजी (Pre-Litigation) मामलों का समयबद्ध निपटारा करते हुए 150 करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान किया गया, जिसमें ग्रेच्युटी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति (Medical Reimbursement), सेटलिंग भत्ता (Settling Allowance), लाइफ कवर स्कीम (Life Cover Scheme) जैसे विभिन्न मद शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त, 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच 3,016 लाभार्थियों को भविष्य निधि (PF) के मद में 1,400 करोड़ से अधिक की राशि का वितरण किया गया। कंपनी द्वारा कुल लगभग 08 हजार लाभार्थियों के बीच 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का निस्तारण एवं वितरण किया गया। यह पहल वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली की प्रभावशीलता तथा समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि रही।

परिसंपत्ति एवं लाभों का वितरण

कार्यक्रम में सीएमडी सहित सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को परिसंपत्तियों एवं सहायता राशि का वितरण किया गया, जिसके तहत बीसीसीएल सीएसआर योजना के अंतर्गत कोविड-19 से प्रभावित 62 बच्चों को छात्रवृत्ति की राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न अन्य योजनाओं के लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों इत्यादि का वितरण किया गया।

विभिन्न विभागों के स्टॉल्स का निरीक्षण

कार्यक्रम के समापन सत्र में सभी गणमान्य अतिथियों ने आयोजन स्थल पर बीसीसीएल सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित स्टॉल्स का निरीक्षण किया। बीसीसीएल द्वारा प्रदर्शित स्टॉल में सीएसआर योजना के अंतर्गत बेलगढ़िया टाउनशिप में संचालित मशरूम उत्पादन और परियोजना प्रभावित परिवारों की महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न आजीविका एवं कौशल-विकास गतिविधियों की प्रस्तुति की गई। स्टॉल भ्रमण के दौरान अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों, दिव्यांगजनों के बीच व्हीलचेयर, सहिया दीदी को सहिया किट तथा सफाई-कर्मियों के बीच सेफ्टी किट इत्यादि का भी वितरण किया गया।

धनबाद आगमन पर औपचारिक स्वागत, गार्ड ऑफ़ ऑनर  

इससे पूर्व आज बीसीसीएल गेस्ट हाउस आगमन पर सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने माननीय न्यायमूर्ति श्री सुजीत नारायण प्रसाद का पुष्प-गुच्छ भेंट कर औपचारिक स्वागत किया। धनबाद जिला पुलिस द्वारा माननीय न्यायमूर्ति श्री प्रसाद को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया।

न्यायायिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

बीसीसीएल के सहयोग से आयोजित यह राज्य स्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment