अमरकंटक से होगा सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे जनसेवा,स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के विविध कार्यक्रम
संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक / मां नर्मदा की उद्गम स्थली पवित्र / नगरी अमरकंटक से 17 सितंबर को जिलेव्यापी सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा । 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत श्रमदान , पौधारोपण , नर्मदा पूजन , दीप प्रज्वलन , महाआरती सहित जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।
अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ कार्यक्रमों के संचालन के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि मां नर्मदा की सेवा और संरक्षण की भावना के साथ जिले में अभियान का शुभारंभ पवित्र नगरी अमरकंटक से किया जाएगा ।
बैठक में अभियान अंतर्गत प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का विस्तृत कैलेंडर निर्धारित किया गया तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।
कलेक्टर ने विशेष रूप से 17 सितंबर को अमरकंटक में आयोजित होने वाले श्रमदान , पौधारोपण , नर्मदा पूजन , दीप प्रज्वलन एवं महाआरती कार्यक्रमों की तैयारी और प्रबंधन की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए ।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने नोडल अधिकारियों से विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया ।
समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर बलवीर रमन , एसडीएम अनूपपुर प्राशी अग्रवाल , जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक उमेश पाण्डेय सहित अभियान से जुड़े विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे । अधिकारियों ने अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया ।


































































