कलेक्टर ने ली निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक, गुणवत्ता एवं समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
अपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा नियमित मॉनिटरिंग एवं रखरखाव के दिए निर्देश
अनूपपुर 26 नवम्बर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक मे जिले में विभिन्न विभागों एवं निर्माण एजेंसियों द्वारा संचालित निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें तथा नियमित मॉनिटरिंग के साथ निर्मित परिसंपत्तियों के रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें।
बैठक में अनूपपुर नगरपालिका क्षेत्र में संचालित अपूर्ण निर्माण कार्यों, अमृत 2.0 के अंतर्गत जलप्रदाय कार्यों, आंगनवाड़ी भवन निर्माण एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की गई। अमरकंटक में अमृत 2.0 के तहत वाटर सप्लाई कार्य एवं सरोवर के सौंदर्यीकरण कार्य के प्रगति की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास कार्यों के अंतर्गत सामुदायिक शौचालयों में आवश्यक सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था एवं उनके समुचित रखरखाव पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत विद्युतीकरण कार्यों को पूर्ण कराने तथा समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय भवनों एवं अन्य निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की अकादमिक गतिविधियों, बेहतर लर्निंग वातावरण एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र भालूमाड़ा सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं सुविधाओं का विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने भवनों की छतों पर पानी का ठहराव रोकने, उचित ढाल एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के दौरान ही ड्रेनेज की तकनीकी व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में पानी के रिसाव एवं जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत 88 कार्यों की समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु में प्रभावित मार्गों की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य कराने तथा आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के अंतर्गत शहडोल-अमरकंटक मार्ग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए वन संबंधी प्रकरणों के निराकरण के लिए वन विभाग से आवश्यक समन्वय कर लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) के अंतर्गत संचालित पेयजल एवं पाइपलाइन संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक तकनीकी सुधारों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत बायपास मार्ग के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा तकनीकी एवं विभागीय समस्याओं का आपसी समन्वय से निराकरण कराएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों का लाभ आम नागरिकों को मिलना सुनिश्चित होना चाहिए। इसके लिए कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस अवसर पर निर्माण संबंधी विभाग के तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे।












































