अनूपपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जैतहरी थाना अंतर्गत वेंकटनगर चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी पुष्पराजगढ़ नवीन तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक अमर वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 20 जून को वेंकटनगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भेलमा स्थित गूजर नाला से चोरी कर अवैध रूप से रेत निकालकर एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मुंडा से लपटा मार्ग पर घेराबंदी कर नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक MP65ZC7738 को रोककर जांच की। ट्रॉली में लगभग 2 घन मीटर अवैध रेत लोड मिली।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम आशीष राठौर निवासी ग्राम मुंडा बताया तथा रेत परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज या टीपी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत के ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 3 हजार रुपये कीमत की रेत सहित कुल 5 लाख 3 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 305(ई), 317(5) बीएनएस एवं 4/21 खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी वेंकटनगर उप निरीक्षक प्रवीण कुमार साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं सुरेश कुमार अहिरवार एवं विजय टाटू ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।



































