अंतर जिला विधायक कप रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांच बरकरार, 17 टीमें खिताबी दौड़ में

---Advertisement---

23 जुलाई को होगा फाइनल मुकाबला, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे विजेताओं का सम्मान

चिरमिरी (एमसीबी)। अमरकुंज क्रीड़ा स्थल डोमनहिल में आयोजित अंतर जिला विधायक कप रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 अपने रोमांचक दौर में पहुंच चुकी है। एफ.सी. चिरमिरी (एमसीबी) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 17 टीमें खिताब के लिये जोरदार मुकाबले कर रही हैं। 12 जुलाई से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 23 जुलाई तक चलेगी जिसमें हर दिन दर्शकों को रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।

प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर राम नरेश राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को किक मारकर किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत हार का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का सशक्त जरिया हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिये शुभकामनाएं भी दीं।

रात्रिकालीन प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंची टीमें शानदार खेल का प्रदर्शन कर रही हैं। हर मुकाबले में खिलाड़ियों का जज्बा और संघर्ष दर्शकों को रोमांचित कर रहा है। देर रात तक बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्सव जैसा बना हुआ है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष बबलू शर्मा के नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफल संचालन किया जा रहा है। समिति में उपाध्यक्ष रत्नेश राव एवं अजय वर्धन, सचिव शिव प्रसाद और सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष केतन पाल तथा सह कोषाध्यक्ष देवानंद चौहान और अतुल सरकार सहित सभी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 23 जुलाई को खेला जायेगा। समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार प्रदान करेंगे।

आयोजन समिति ने विजेता टीम के लिये 21,000 रुपयों और उपविजेता टीम के लिये 15,000 रुपयों के नगद पुरस्कार राशि घोषित की है। समिति ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे शेष मुकाबलों और फाइनल मैच में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। यह प्रतियोगिता ना केवल क्षेत्र में फुटबॉल को नई पहचान दे रही है बल्कि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच भी उपलब्ध करा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment