अनूपपुर रेलवे स्टेशन के आउटर पर गांजा तस्करी का खुलासा, ओडिशा की दो महिलाएं गिरफ्तार
6.460 किलोग्राम गांजा जब्त, कीमत करीब 60 हजार रुपये; दस दिनों में गांजा तस्करी के खिलाफ दूसरी कार्रवाई
अनूपपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में ओडिशा निवासी दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6.460 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 60,400 रुपये बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को कोतवाली पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला नीले-काले रंग के पिट्ठू बैग में अवैध गांजा लेकर बिक्री के लिए अनूपपुर रेलवे स्टेशन के आउटर से अमरकंटक तिराहे की ओर जाने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद नीले-काले रंग के पिट्ठू बैग में हरे रंग की पन्नी के अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया। पुलिस ने कुल 6.460 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 60,400 रुपये है।
पकड़ी गई दोनों महिलाएं ओडिशा के बौद्ध जिले के अंबाझरी की निवासी हैं। इनमें एक की उम्र 37 वर्ष और दूसरी की उम्र 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध कोतवाली थाना अनूपपुर में अपराध क्रमांक 551/26 के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दस दिनों में दूसरी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली पुलिस ने पिछले दस दिनों के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ यह दूसरी कार्रवाई की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जब्त गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की योजना थी।
उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में जया कुमारी सिंह, कोमल अरजरिया, हुरूननिशा, शेख रशीद, खेमराज मार्को और अब्दुल कलीम शामिल रहे।







































































