भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची में आज एक्ज़ीक्यूटिव एमबीए (कार्यकारी एमबीए 2026-28) बैच के शुभारंभ समारोह में सीएमडी
बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की और संकाय छात्रों से संवाद किया। अवसर पर संस्थान के निदेशक, विभिन्न विभागों के डीन, संकाय सदस्य तथा छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ औपचारिक स्वागत एवं छात्रों के परिचय के साथ हुआ, जिसके उपरांत श्री अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में श्री अग्रवाल ने छात्रों से सकारात्मक दृष्टिकोण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा नैतिक मूल्यों को अपने व्यक्तित्व और पेशेवर जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रबंधन शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि बदलते व्यावसायिक परिवेश में चुनौतियों का प्रभावी समाधान खोजने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास में सार्थक योगदान देने का एक अवसर भी है। उन्होंने छात्रों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग संगठन और समाज के हित में करने का आग्रह किया।
श्री अग्रवाल ने अपने शैक्षणिक अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। अपने अध्ययन काल से जुड़े अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आईआईएम रांची से प्राप्त शिक्षा, नेतृत्व विकास तथा व्यावहारिक दृष्टिकोण ने उनके व्यावसायिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सभी छात्रों को संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, संकाय के मार्गदर्शन तथा सहपाठियों के अनुभवों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी।
उल्लेखनीय है कि सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल स्वयं भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स से माइनिंग इंजीनियरिंग में प्रौद्योगिकी स्नातक (बी.टेक.) तथा आईआईएम रांची से कार्यकारी एमबीए (एक्ज़ीक्यूटिव एमबीए) की उपाधि प्राप्त की है।
समारोह के अंत में संस्थान की ओर से श्री अग्रवाल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।