- ‘कृषिबॉट’ मॉडल ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिखेरी प्रतिभा की चमक, छत्तीसगढ़ के शीर्ष 10 बाल वैज्ञानिकों में बनाई जगह, अब राष्ट्रीय मंच पर करेंगे प्रदेश का प्रतिनिधित्व
मनेन्द्रगढ़। स्थानीय यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल सेंट्रल हॉस्पिटल रोड के छात्र जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी प्रतिभा के दम पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) के तहत रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जितेंद्र ने छत्तीसगढ़ के शीर्ष 10 बाल वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिये हुआ है जहां वे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में जितेंद्र ने अपने मार्गदर्शक शिक्षक उत्कर्ष पांडे के मार्गदर्शन में तैयार किये गये बहुउद्देशीय स्मार्ट कृषि रोबोट मॉडल ‘कृषिबॉट’ (KrishiBot) का प्रदर्शन किया। उनका यह प्रोजेक्ट छोटे किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं को तकनीक के माध्यम से हल करने की सोच पर आधारित है।
खेती किसानी में आधुनिक तकनीक के उपयोग और किसानों के काम को आसान बनाने की संभावनाओं को प्रस्तुत करने वाले इस मॉडल ने निर्णायक मंडल का विशेष ध्यान आकर्षित किया। जितेंद्र की प्रस्तुति, विषय की समझ और प्रोजेक्ट की उपयोगिता को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिये किया गया। जिले के लिये गौरवपूर्ण इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव, जिला समन्वयक राकेश सूर्या और व्याख्याता गुड्डू रजक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जितेंद्र को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार पांडे ने जितेंद्र विश्वकर्मा और उनके मार्गदर्शक शिक्षक उत्कर्ष पांडे को इस सफलता के लिये शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा को सही दिशा और प्रोत्साहन मिले तो वह अपनी मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र की यह उपलब्धि विद्यालय के लिये गर्व का विषय है साथ ही उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर भी जितेंद्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
जितेंद्र की इस सफलता से विद्यालय में उत्साह का माहौल है। विद्यालय परिवार, शिक्षकगण और समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सफलता के लिये शुभकामनाएं दी हैं।













































