- कोटाडोल पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर आरोपी को दबोचा, पॉक्सो एक्ट की धारा 6 सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं, न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल
कोटाडोल/मनेन्द्रगढ़। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में कोटाडोल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया। विवेचना के दौरान दुष्कर्म का मामला सामने आने पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत भी कार्यवाही की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोटाडोल में एक प्रार्थी ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 36/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
नाबालिग बालिका की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के लिये पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और एसडीओपी भरतपुर अरविंद किशोर खलखो के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम लगातार बालिका की पतासाजी में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सूचना मिली कि मध्यप्रदेश के जिला सिंगरौली अंतर्गत थाना सरई क्षेत्र के ग्राम पुरील निवासी जगमोहन पिता जय प्रताप उम्र 33 वर्ष बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मध्यप्रदेश में आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपहृत बालिका को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी जगमोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना एवं पूछताछ में सामने आये तथ्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87 एवं 64(1) के साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ी गई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
- पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कोटाडोल उप निरीक्षक आर.एन. गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक नईम खान, दौलतराम, आरक्षक निहाल मानिकपुरी और आरक्षक अजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों और त्वरित कार्यवाही से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। जिला पुलिस मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर ने महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों पर त्वरित कार्यवाही करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।













































