सीधी। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप एवं गुड गवर्नेंस कार्यक्रम के अंतर्गत CM Fellow पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भर्ती में कथित भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, राजनीतिक पक्षपात और आरक्षण नियमों के उल्लंघन के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए यज्ञराज जनपद सदस्य कुबरी ने प्रदेश सरकार से कई गंभीर सवाल पूछे हैं।
यज्ञराज ने कहा कि प्रदेश के लाखों शिक्षित युवा रोजगार के अवसरों की तलाश में हैं, लेकिन सरकारी भर्तियों में यदि पारदर्शिता के बजाय सिफारिश और राजनीतिक पहुँच को महत्व दिया जाएगा, तो यह योग्य युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय होगा।
उन्होंने कहा कि CM Fellow भर्ती में वरिष्ठ अधिकारियों के परिजनों तथा कथित राजनीतिक एवं वैचारिक संगठनों से जुड़े लोगों के चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सरकार को इन आरोपों पर चुप्पी साधने के बजाय तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भर्ती की मेरिट सूची, चयनित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कटऑफ, प्रतीक्षा सूची और आरक्षण रोस्टर सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए? क्या चयन प्रक्रिया में सभी संवैधानिक नियमों का पालन किया गया है? यदि भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष है, तो सरकार इसकी स्वतंत्र जाँच कराने से पीछे क्यों हट रही है?
यज्ञराज ने पूर्व में कार्यरत लगभग 9,300 जनसेवा मित्रों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिन युवाओं ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी सेवाएँ दीं, उनके अनुभव और भविष्य को लेकर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के नाम पर युवाओं को रोजगार देने के बाद उनके भविष्य को अनिश्चितता में छोड़ना उचित नहीं है। सरकारी पदों का उपयोग किसी भी राजनीतिक दल के हितों के लिए किए जाने की आशंका भी गंभीर विषय है, जिसकी निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए।
यज्ञराज जनपद सदस्य कुबरी ने प्रदेश सरकार से माँग की है कि CM Fellow भर्ती की संपूर्ण प्रक्रिया, आवेदनकर्ताओं की संख्या, श्रेणीवार चयन सूची, मेरिट, प्राप्तांक एवं आरक्षण रोस्टर सार्वजनिक किया जाए तथा कथित अनियमितताओं की न्यायिक अथवा स्वतंत्र एजेंसी से जाँच कराई जाए। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
अंत में उन्होंने कहा कि “सरकारी नौकरी किसी राजनीतिक संगठन की जागीर नहीं है। यह प्रदेश के योग्य और मेहनती युवाओं का अधिकार है। मध्य प्रदेश के युवाओं को रोजगार चाहिए, राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं। सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।”
— यज्ञराज जनपद सदस्य, कुबरी






































































