बीसीसीएल की मुनीडीह कोलियरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग

---Advertisement---

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की मुनीडीह कोलियरी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला एवं लिग्नाइट खदानों की स्टार रेटिंग मूल्यांकन में प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्राप्त की है। कोयला मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस मूल्यांकन में मुनीडीह कोलियरी ने 92 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए देश की भूमिगत खदानों की श्रेणी में नौवाँ स्थान प्राप्त किया है।

रायपुर में आयोजित स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह “खनिक शौर्य श्रमाय समर्पितम्” में आज मुनीडीह कोलियरी को सम्मानित किया गया। माननीय केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे ने बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल और महाप्रबंधक (पश्चिमी झरिया क्षेत्र) श्री वी. विजय कुमार को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री सनोज कुमार झा, कोयला नियंत्रक संगठन, नई दिल्ली के कोयला नियंत्रक श्री सतीश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कोयला एवं लिग्नाइट खदानों की स्टार रेटिंग मूल्यांकन प्रक्रिया निर्धारित मानकों एवं विभिन्न परिचालन मानदंडों के आधार पर खदानों के प्रदर्शन का आकलन करती है। मुनीडीह कोलियरी को प्राप्त यह सम्मान उसके उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन, सुरक्षित एवं उत्तरदायी खनन पद्धतियों, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। देश की चुनिंदा भूमिगत खदानों में 5-स्टार रेटिंग प्राप्त करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर नौवाँ स्थान हासिल करना बीसीसीएल के लिए विशेष गौरव का विषय है।

सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह उपलब्धि मुनीडीह कोलियरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों, तकनीकी दक्षता, कार्य के प्रति समर्पण एवं प्रतिबद्धता का परिणाम है। यह सम्मान न केवल संबंधित कोलियरी के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता प्रदान करता है, बल्कि बीसीसीएल की परिचालन क्षमता, कार्य-संस्कृति एवं खनन क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता हासिल करने के प्रयासों को भी नई पहचान देता है।

बीसीसीएल परिवार के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है तथा कंपनी की अन्य खदानों के लिए भी बेहतर प्रदर्शन, सुरक्षित खनन एवं सतत विकास की दिशा में निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा प्रदान करती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment