- स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थाओं के पहुंच मार्ग हो व्यवस्थित-कलेक्टर
- 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई करें- कलेक्टर
- कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर 12 अक्टूबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा है कि जिले में नवरात्रि पर्व के अवसर पर विभिन्न नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्थापित होने वाले दुर्गा पंडालों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था, पहुंच मार्ग, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। नवरात्रि पर्व के दौरान नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नवरात्रि पर्व के दौरान नागरिक सुविधाओं एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जिले की सभी सड़कें दुरुस्त एवं व्यवस्थित रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने वाले मार्ग सुगम एवं व्यवस्थित हों, ताकि विद्यार्थियों एवं आमजन का आवागमन सुचारू रूप से हो सके। कलेक्टर ने संबंधित क्षेत्र के जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों एवं पहुंच मार्गों का निरीक्षण करें तथा आवश्यकतानुसार सुधार कार्य सुनिश्चित कराएं। उन्होंने विशेष रूप से जिले के 44 डिलीवरी प्वाइंट तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने बैठक में निर्देश दिए कि जिले में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित प्रपत्र-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि जिले के हाट बाजारों को मॉडल बाजार के रूप में विकसित किया जाना है। इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण कर हाट बाजारों की स्थिति का जायजा लें तथा बेहतर और आकर्षक प्लान तैयार करें, ताकि हाट बाजारों को व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त मॉडल बाजार के रूप में विकसित किया जा सके।
इसी प्रकार कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को चिन्हित कर उन्हें ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं के अंतर्गत स्कूटी वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री झा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ऐसे कार्य करना है, जिससे लोगों का जीवन सरल एवं सुगम बन सके। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 300 एवं 1000 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से स्वयं दूरभाष पर चर्चा करें तथा आवश्यकता होने पर उनसे भेंट कर उनकी समस्याओं को समझते हुए संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को शासन की सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय निकाय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, वित्त विभाग, श्रम विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, खाद्य विभाग सहित अन्य विभागों के सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी प्रकार कलेक्टर ने स्वामित्व अधिकार निष्पादन एवं पंजीयन योजना, गौशालाओं में विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के अंतर्गत शासकीय भवनों में रेस्को मोड पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने की कार्यवाही की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं आदर्श ग्राम सहित अन्य विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।






































































