- खनिज परिवहन में प्रभावी निगरानी के लिए एआई आधारित मानव रहित ई-चेक गेट प्रणाली लागू
अनूपपुर 12 अक्टूबर 2026- जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (A.I.) आधारित मानव रहित ई-चेक गेट (आईटी आधारित निगरानी प्रणाली) लागू की गई है। इसी क्रम में उप संचालक, खनिज प्रशासन, अनूपपुर द्वारा जिले में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में RF TAG लगाए जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देश में बताया गया है कि पंजीकृत खनिज परिवहन वाहनों पर सूचना प्रौद्योगिकी आधारित यंत्र स्थापित किया जाना अनिवार्य है। इसके तहत सभी वाहन स्वामियों एवं परिवहनकर्ताओं को अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से RF TAG स्थापित कराना होगा। RF TAG क्रय करने के लिए आवश्यक शुल्क का भुगतान संबंधित वाहन स्वामी द्वारा किया जाएगा। इसके लिए ECHECKGATE पोर्टल पर उपलब्ध ORDER TAG विकल्प के माध्यम से RF TAG क्रय किया जा सकता है।
सभी संबंधित वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि निर्देश जारी होने की तिथि से एक माह के भीतर अपने वाहनों में RF TAG स्थापित करना सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि में RF TAG स्थापित नहीं कराने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वाहन में स्थापित RF TAG का रखरखाव एवं सुरक्षा वाहन स्वामी की जिम्मेदारी होगी। RF TAG के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में खनिज परिवहन प्रतिबंधित किया जा सकता है। साथ ही संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ई-खनिज पोर्टल पर वाहन का पंजीयन निरस्त किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
उप संचालक, खनिज प्रशासन, अनूपपुर ने जिले के सभी संबंधित वाहन स्वामियों एवं खनिज परिवहनकर्ताओं से निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समयावधि में RF TAG स्थापित कराने को कहा है, ताकि खनिज परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।






































































