ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के 120 सदस्यों को दिया प्रशिक्षण, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके

पुलिस लाइन अनूपपुर में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित, आपदा प्रबंधन की जानकारी के साथ सीटी और कैप का किया वितरण
अनूपपुर। पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय मजबूत करने तथा जनसुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर को पुलिस लाइन अनूपपुर में ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 120 सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आरती शाक्य एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। सेमिनार में सदस्यों को महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक बचाव कार्य और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आरती शाक्य ने महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों पर जानकारी देते हुए घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में महिलाओं की सहायता करने और तत्काल पुलिस को सूचना देने के तरीकों की जानकारी दी।
होमगार्ड प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी एवं उनकी टीम ने आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसमें बाढ़, भूकंप, आगजनी और सड़क दुर्घटनाओं जैसी परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार, जीवन रक्षा तकनीकों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी गई।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार ने साइबर सुरक्षा सत्र में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर उत्पीड़न और साइबर स्टॉकिंग से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने सदस्यों से इस जानकारी को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाकर साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के बाद अतिथियों ने रक्षा समिति के सदस्यों को कर्तव्य पालन और पहचान के लिए सीटी एवं कैप वितरित किए। सदस्यों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और निर्धारित गणवेश में जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस-जनता के बीच मजबूत कड़ी है रक्षा समिति
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने कहा कि ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्य समाज सेवा के साथ पुलिस प्रशासन के सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहारों, मेलों, उत्सवों, वीआईपी ड्यूटी और शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान अहम है। समिति के सदस्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु हैं।
कार्यक्रम का संचालन रक्षित निरीक्षक ज्योति दुबे ने किया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार राजेश शिवहरे सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। समापन पर सदस्यों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया तथा पुलिस प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया गया।







































































