नवरात्रि से पहले अवैध शराब पर पुलिस की दबिश, पांच आरोपियों पर मामला दर्ज

---Advertisement---

नवरात्रि से पहले अवैध शराब पर पुलिस की दबिश, पांच आरोपियों पर मामला दर्ज

किराना दुकानों और ढाबों से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब, 31 पाव देशी शराब और 12 अद्धी बीयर जब्त

अनूपपुर। आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए करनपठार थाना एवं सरई चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 40 लीटर कच्ची महुआ शराब, 31 पाव सफेद प्लेन शराब और 12 अद्धी बीयर सहित अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 8255 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर की दरमियानी रात क्षेत्र में रात्रि भ्रमण के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। इस दौरान पांच व्यक्ति अपनी किराना दुकानों और ढाबों पर अवैध रूप से शराब बेचते तथा लोगों को शराब पिलाते पाए गए। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब एवं अन्य सामग्री जब्त कर आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।

कार्रवाई के दौरान राजकुमार चौकसे निवासी टेढ़ीलालपुर के कब्जे से छह अद्धी बीयर, 100 रुपये नकद, दो खाली शीशी और खाली ग्लास जब्त किए गए। दुर्गेश शुक्ला निवासी लीलाटोला के कब्जे से 31 पाव सफेद प्लेन शराब बरामद हुई। संतोष सिंह उद्दे निवासी कुल्हिया टोला के पास से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली। मुकेश चौकसे निवासी टेढ़ीलालपुर के कब्जे से छह अद्धी बीयर, 100 रुपये नकद, दो खाली ग्लास और दो खाली शीशी जब्त की गईं। वहीं, खेमराज बघेल निवासी कच्छराटोला के कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34, 36 एवं 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर छोड़ा गया है।

मंगला दुबे के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई मंगला दुबे के नेतृत्व में की गई। अभियान में धनेश्वर पटेल, कमल किशोर चंद्रोल, राजकुमार परस्ते, बसंत सिंह, रामप्रसाद मरावी, अनुराग सिंह और प्रिया चौरे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment