झगराखाण्ड की शिक्षिका इशिता पांडे ने रचा राष्ट्रीय गौरव

---Advertisement---

झगराखाण्ड की शिक्षिका इशिता पांडे ने रचा राष्ट्रीय गौरव

9,400 से अधिक शिक्षकों के बीच बनीं ‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026’ की राष्ट्रीय विजेता, ऑक्सफोर्ड में लेंगी विशेष प्रशिक्षण

मनेन्द्रगढ़। शिक्षा में नवाचार और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के लिये केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल झगराखाण्ड की कंप्यूटर साइंस शिक्षिका इशिता पांडे ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026’ में उन्हें सरकारी स्कूल श्रेणी में कंप्यूटर साइंस विषय की राष्ट्रीय विजेता चुना गया है। उनकी इस उपलब्धि से झगराखाण्ड सहित पूरे मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में हर्ष का माहौल है

शिव नादर फाउंडेशन और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के Saïd Business School से जुड़े इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिये देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 9,400 से अधिक शिक्षकों ने नामांकन कराया था। नई दिल्ली स्थित शिव नादर विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय फाइनल में कई चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद 16 शिक्षकों को राष्ट्रीय विजेता चुना गया जिनमें सरकारी और निजी स्कूल श्रेणी के आठ आठ शिक्षक शामिल हैं।

अब ऑक्सफोर्ड में सीखेंगी नेतृत्व और शिक्षा के नये आयाम

राष्ट्रीय विजेता बनने के साथ ही इशिता पांडे को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के Saïd Business School में एक सप्ताह के विशेष शैक्षणिक और नेतृत्व कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा वे पांच सप्ताह के ऑनलाइन प्रोफेशनल डेवलपमेंट कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। यह अवसर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और नेतृत्व के क्षेत्र में नये अनुभव हासिल करने का मंच प्रदान करेगा।

CS Labs सॉफ्टवेयर बना चर्चा का केंद्र

राष्ट्रीय फाइनल के दौरान इशिता पांडे द्वारा किये जा रहे शैक्षणिक नवाचारों ने अंतरराष्ट्रीय जूरी का भी ध्यान आकर्षित किया। जूरी सदस्य डॉ. क्रिस्टीना यान झांग और कैरी लोमास ने उनके कार्य की सराहना की। विशेष रूप से उनके द्वारा विकसित CS Labs सॉफ्टवेयर को लेकर डॉ. झांग ने बौद्धिक संपदा संरक्षण, एजुकेशन ग्रांट प्राप्त करने और इस नवाचार को बड़े स्तर पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में काम करने का सुझाव दिया।
इशिता पांडे ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य बी. एस. श्रीवास्तव के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन तथा पूरे विद्यालय परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में तकनीक आधारित और नवाचारपूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने वाले वातावरण ने उन्हें नये प्रयोग करने के लिये प्रेरित किया

इशिता पांडे की इस उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय संगठन के रायपुर संभाग, विद्यालय परिवार और स्थानीय समुदाय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। झगराखाण्ड से निकलकर राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान और अब ऑक्सफोर्ड के प्रतिष्ठित शैक्षणिक कार्यक्रम तक पहुंची उनकी उपलब्धि क्षेत्र के लिये गौरव का विषय बन गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment