रफीक मेमन बने छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन के नायब सदर
प्रदेश संगठन में मनेन्द्रगढ़ की मजबूत भागीदारी, समाजहित के कार्यों को नई दिशा देने का संकल्प
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ मेमन एसोसिएशन (CGMA) के प्रदेश संगठन में मनेन्द्रगढ़ के रफीक मेमन (रज्जू भाई) को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन की बैठक में उन्हें नायब सदर (उपाध्यक्ष) मनोनीत किया गया। उनके साथ हनीफ भाई शेखवानी (कांकेर) और अनवर भाई शेखवानी (बिलासपुर) को भी नायब सदर की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन के सदर हाजी इदरीश लोया के मार्गदर्शन में नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सदस्यों को अलग अलग दायित्व सौंपे गये। इस नई जिम्मेदारी के साथ रफीक मेमन अब संगठन के विस्तार, समाजहित की गतिविधियों और जरूरतमंदों के लिये संचालित किये जाने वाले कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे
नई कार्यकारिणी में हाजी इब्राहिम भाई मेमन और हाजी फारूक भाई वारसी को संरक्षक, हाजी अब्दुल गफ्फार (गप्पू भाई) को संयोजक, हाजी दिलावर भाई रोकड़िया को सचिव और हाजी हनीफ भाई उमरानी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है वहीं शाहिद भाई को सहसचिव, फिरोज भाई वाघडिया को सह कोषाध्यक्ष, यूनुस भाई को लीगल एडवाइजर और यासीन भाई कलावाडिया को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी की जायेगी पहल
बैठक में एसोसिएशन के पास उपलब्ध जमीन पर हॉस्टल निर्माण का निर्णय भी लिया गया। इस हॉस्टल में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को रहने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है ताकि वे रायपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों में बेहतर शिक्षा हासिल कर सकें। संगठन की यह पहल समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
मनेन्द्रगढ़ में खुशी का माहौल
रफीक मेमन को प्रदेश संगठन में नायब सदर की जिम्मेदारी मिलने पर मनेन्द्रगढ़ के मेमन समाज में उत्साह है। समाज के लोगों ने उनके मनोनयन पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि रफीक मेमन की सक्रियता और अनुभव से संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूती मिलेगी तथा समाजहित के कार्यों को और विस्तार मिलेगा
सदर हाजी इदरीश लोया ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मुबारकबाद देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिये सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया



































































