जैतहरी में दर्दनाक सड़क हादसा: युवती की मौत, घायल युवक पुलिस हिरासत में
जैतहरी। जैतहरी थाना क्षेत्र से करीब 7 किलोमीटर दूर धनगवां गांव के पास बुधवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बाइक से गिरने के बाद करीब 25 वर्षीय युवती के सिर के ऊपर से अज्ञात वाहन गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार युवक घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है और उसके बयानों में विरोधाभास सामने आ रहे हैं।
थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने मृतका की पहचान रोशनी धुर्वे (25), पिता गोपाल दास धुर्वे, निवासी लपटा, थाना जैतहरी के रूप में की है। वहीं घायल युवक ने अपना नाम अमित कुमार चौधरी (29), पिता रामू चौधरी, निवासी चर्चेडी धरहर, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) बताया है।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक घूमने आने की बात कह रहा है। कभी वह युवती के बाइक चलाने की बात कहता है, तो कभी हादसे की परिस्थितियों की जानकारी नहीं होने की बात कह रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी, हालांकि दोनों किस परिस्थिति में गिरे, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाकर मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि युवक हादसे के बाद बदहवास है, इसलिए सुबह दोबारा पूछताछ की जाएगी। इसके बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।































































