अनूपपुर 04 अगस्त 2026/ आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत व बचाव कार्यों के लिए दक्ष मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, अनूपपुर में आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण मुख्यालय होमगार्ड्स, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के मार्गदर्शन तथा जिला सेनानी होमगार्ड अनूपपुर के नेतृत्व में 28 जुलाई से 04 अगस्त तक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्लाटून कमांडर श्री राम नरेश भवेदी तथा होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ (SDERF) की विशेषज्ञ टीम ने 100 वालेंटियर्स को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया। प्रशिक्षणार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा, बुनियादी जीवन रक्षक सेवाएं (बीएलएस), सीपीआर, जलने एवं झुलसने पर प्राथमिक उपचार, घायलों के सुरक्षित रेस्क्यू तथा आपातकालीन स्ट्रेचर निर्माण की तकनीकें सिखाई गईं। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर नागरिक सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करना तथा आपदा के समय स्वयंसेवकों की त्वरित व प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर जिला सेनानी होमगार्ड श्री सी.एस. उर्वेदी ने डॉ. सतेन्द्र अहिरवार, प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय को स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इसके पश्चात सभी 100 सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जिला सेनानी ने वालेंटियर्स का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा और जनसेवा के कार्यों में सदैव तत्पर रहकर सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।













