ब्रेकिंग न्यूज सीधी से
अमित पांडेय की रिपोर्ट
मझौली थाना क्षेत्र में 4 घंटे तक चक्का जाम, पुलिस पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप,
सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुही में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सीधी-ब्यौहारी मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।जानकारी के अनुसार, चक्का जाम सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर लगभग 3 बजे तक चला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। चार थानों के थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका।
नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में नामजद था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक करीब एक माह पूर्व दर्ज हुए नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले में नामजद आरोपी था। मामले में दो आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनमें से एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मृतक युवक फरार बताया जा रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से एक रात पहले पुलिस युवक की तलाश में उसके घर पहुंची थी और दबिश दी थी। इसके अगले दिन युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस घटनाक्रम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर युवक के साथ मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि कथित प्रताड़ना के कारण युवक ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों द्वारा नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले से जुड़े परिवार पर पैसों की मांग किए जाने के आरोप भी लगाए गए। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और परिजनों ने युवक की मौत की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने तथा पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत के वास्तविक कारणों, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















