- जन्मदिन को बनाया यादगार, प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील
अनूपपुर। जिले के नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 निवासी एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी सचिन पुरी ने अपने 50वें जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ यादगार बनाया। इस अवसर पर उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के साथ पौधारोपण कर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। साथ ही आम नागरिकों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सचिन पुरी ने कहा कि जन्मदिन जैसे खास अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए समाज और प्रकृति के हित में भी कुछ सार्थक कार्य करना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। पौधों से हमें शुद्ध वायु एवं ऑक्सीजन मिलती है। इसके साथ ही पेड़-पौधे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और धरती को हरा-भरा रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति किसी खास अवसर पर एक पौधा लगाने का संकल्प ले, तो आने वाले समय में पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सचिन पुरी ने अपने 50वें जन्मदिन पर पौधारोपण के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि खुशियां मनाने के साथ-साथ प्रकृति को संवारने का संकल्प भी लेना चाहिए।





























