वर्दी के साथ निभाया इंसानियत का फर्ज, पुलिसकर्मियों ने किया रक्तदान
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला अस्पताल चिरमिरी में लगा रक्तदान शिविर, एमसीबी पुलिस के अधिकारी कर्मचारी बने रक्तदाता

चिरमिरी/एमसीबी। कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ जिला पुलिस एमसीबी ने सामाजिक सरोकार की दिशा में भी अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल चिरमिरी में आयोजित रक्तदान शिविर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिये अपना योगदान दिया।
रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिसकर्मियों द्वारा किये गये रक्तदान से अस्पताल में उपचाररत ऐसे मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है जिन्हें आपात स्थिति में तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। रक्तदान के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने सेवा और सहयोग की भावना को व्यवहार में उतारने का संदेश दिया।
रक्तदान के लिये आम लोगों को भी किया प्रेरित
इस अवसर पर जिला पुलिस एमसीबी ने आम नागरिकों से भी रक्तदान के लिये आगे आने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं होता बल्कि किसी व्यक्ति के स्वैच्छिक रक्तदान से ही जरूरतमंद मरीज तक पहुंचता है। इसलिये स्वस्थ और पात्र लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक होकर इस मानवीय कार्य में योगदान देना चाहिये। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी मरीज की मदद करना नहीं बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
सेवा संकल्प अभियान में सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस पहल के माध्यम से जिला पुलिस ने स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। पुलिस विभाग की ओर से कहा गया कि जनसेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में भविष्य में भी सक्रिय सहभागिता जारी रखी जायेगी।




































































