तेज आंधी-तूफान का कहर: विशाल महुआ पेड़ गिरने से बैल की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में चिंता
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर। मानसून की शुरुआत के साथ ही जिले में तेज आंधी, बारिश और तूफान से जन-धन की हानि की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शुक्रवार की दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत औढ़ेरा के राजस्व ग्राम बडहर में अचानक आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल महुआ का पेड़ जड़ सहित उखड़कर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक बैल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम बडहर निवासी माना नायक पिता स्वर्गीय बीरबल नायक का लगभग 5 से 6 वर्ष उम्र का सफेद रंग का बैल महुआ का फल खा रहा था। इसी दौरान तेज तूफान के कारण विशाल महुआ वृक्ष अचानक धराशायी हो गया और बैल उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक ने तहसील प्रशासन एवं कोतवाली पुलिस को सूचना देकर शीघ्र राहत कार्यवाही की मांग की है।
शनिवार सुबह पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत बैल का पोस्टमार्टम किया, वहीं हल्का पटवारी औढ़ेरा ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर राहत प्रकरण बनाने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
उल्लेखनीय है कि वर्षा काल प्रारंभ होते ही वन क्षेत्रों से लगे ग्रामीण इलाकों में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली गिरने एवं बड़े पेड़ों के गिरने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। बीते एक माह के भीतर जिले में प्राकृतिक आपदाओं के चलते एक गाभिन भैंस एवं एक जवान बैल सहित कई पशुओं को नुकसान पहुंच चुका है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है।




































