ताले पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, दुकान में चोरी का असफल प्रयास
आग की लपटों से खुला मामला, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की तलाश; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतमा। नगर के पुराने रेलवे फाटक के पास स्थित मोहम्मद तजम्मुल की मोटर बाइंडिंग दुकान में रविवार की दरमियानी रात बदमाशों ने चोरी का असफल प्रयास किया। चोरों ने दुकान के ताले पर पेट्रोल डालकर आग लगाई और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। आग की लपटों के कारण घटना का समय रहते पता चल गया।
जानकारी के अनुसार 30 अगस्त की दरमियानी रात बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान स्टेशन चौक की ओर से अपने घर जा रहे अनिल पोथन की नजर दुकान के ताले से उठती आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल रुककर घटना की जानकारी पुलिस और आसपास के लोगों को दी।
सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में सर्चिंग भी की। घटनास्थल के समीप पेट्रोल से भरी बोतल मिलने की बात भी सामने आई है।
कॉपर वायर पर हो सकती है बदमाशों की नजर
दुकान संचालक के अनुसार दुकान में तांबे के तार सहित विभिन्न विद्युत सामग्री रखी रहती है। तांबे की बढ़ती कीमतों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों की नजर दुकान में रखे कॉपर वायर और अन्य विद्युत सामग्री पर रही होगी। हालांकि चोरी का प्रयास सफल नहीं हो सका।
कबाड़ चोरों पर सख्ती की मांग
क्षेत्र में लगातार कबाड़ चोरी की घटनाओं को लेकर नागरिकों में चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कबाड़ चोर आए दिन घरों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से कबाड़ माफियाओं और चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्धों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज से होगी संदिग्धों की पहचान
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
































































