स्वच्छता ही सेवा का संकल्प: एसईसीएल में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का हुआ शुभारंभ

बिलासपुर। भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत एसईसीएल में 16 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित होने वाले स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ स्वच्छता शपथ के साथ किया गया। एसईसीएल मुख्यालय स्थित प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमसंघ प्रतिनिधियों ने स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी और श्रमसंघ प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि संस्थागत संस्कृति और सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक कर्मचारी का कर्तव्य है कि वह अपने कार्यस्थल एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ भारत के उद्देश्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने सभी कर्मियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान दें।
गौरतलब है कि स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान एसईसीएल की सभी इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों में विशेष स्वच्छता अभियान, श्रमदान, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न सहभागिता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छ भारत मिशन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
एसईसीएल द्वारा प्रारंभ किया गया यह पखवाड़ा स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ कार्य परिवेश निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





































