- स्काउटिंग के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में विकसित होती है सेवा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना
- चिरमिरी के चित्ताझोर पोड़ी में पांच दिवसीय विकासखंड स्तरीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का समापन, महापौर रामनरेश राय ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन
चिरमिरी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ तथा पदेन जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चित्ताझोर पोड़ी चिरमिरी में आयोजित पांच दिवसीय विकासखंड स्तरीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने सहभागिता करते हुए स्काउटिंग की गतिविधियों, अनुशासन, सेवा भावना और सामूहिक कार्यों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण शिविर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चित्ताझोर पोड़ी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवापारा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरिया कालरी, लहिड़ी मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीएम कॉम्प्लेक्स वेस्ट चिरमिरी सहित अन्य विद्यालयों के स्काउट एवं गाइड शामिल हुए। शिविर की शुरुआत स्काउट गीत, प्रार्थना, आदर्श वाक्य, स्काउट चिह्न, सलामी, हाथ मिलाने की परंपरा, भलाई के कार्य, डायरी लेखन और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों के साथ ध्वजारोहण और स्काउटिंग की परंपराओं के अनुरूप की गई। पांच दिनों तक प्रतिभागियों को विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चिरमिरी महापौर रामनरेश राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. विनोद पांडेय, राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता एवं पूर्व जिला नोडल अधिकारी पर्यटन एवं पुरातत्व विभाग विद्यालय के प्राचार्य सत्येंद्र सिंह, समाजसेवी राम प्रताप सिंह, पूर्व पार्षद रानी गुप्ता, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष रानू गुहा, बदरुद्दीन एवं पत्रकार श्रीकांत शुक्ला विशेष रूप से शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्काउट स्कार्फ पहनाकर अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया गया।
शिविर संचालक सुनील बड़ा ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रशिक्षण के दौरान आयोजित गतिविधियों और विद्यार्थियों की सहभागिता की जानकारी दी।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर रामनरेश राय ने स्काउट एवं गाइड के प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने छात्र छात्राओं को राष्ट्रसेवा, स्वच्छता और आपसी भाईचारे को जीवन में अपनाते हुए समाज के हित में कार्य करने की प्रेरणा दी वहीं डॉ. विनोद पांडेय ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सेवा भावना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, सहयोग और एक दूसरे के प्रति सम्मान की भावना होना बेहद आवश्यक है। स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामूहिक जिम्मेदारी का विकास होता है जो भविष्य में उन्हें एक बेहतर नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होता है।

समापन समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया जिसमें स्काउट एवं गाइड के छात्र छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में अतिथियों द्वारा पांच दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये।
इस प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक सुनील बड़ा, प्रशिक्षक विकल्प श्रीवास्तव, धनमन पड़ोती, मिथलेश पाराशर, किशोर ओझा, कुमारी आकांक्षा, ममता सिंह, आरती सिंह एवं श्रेया गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षकों और छात्र छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य सत्येंद्र सिंह ने शिविर के सफल आयोजन के लिये सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पांच दिवसीय इस शिविर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और समाजसेवा के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।










































