जनजातीय समाज की गौरवगाथा पर हुआ मंथन, राजीव शर्मा बोले- शौर्य और स्वाभिमान का प्रतीक है जनजातीय इतिहास

---Advertisement---
  • कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में जनजाति गौरव माह-2026 के तहत हुआ आयोजन, जनजातीय नायकों के योगदान और सांस्कृतिक विरासत पर हुई चर्चा

रायपुर। जनजातीय समाज का अतीत वीरता, संघर्ष, सामाजिक चेतना और आत्मसम्मान की ऐसी विरासत समेटे हुए है जिसने देश के इतिहास और संस्कृति को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सामाजिक बदलाव और सांस्कृतिक संरक्षण तक जनजातीय समुदायों का योगदान भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। जरूरत है कि इस गौरवशाली विरासत को इतिहास के पन्नों में उचित स्थान मिले और नई पीढ़ी भी इससे परिचित हो। यह विचार शहीद महेंद्र कर्मा बस्तर विश्वविद्यालय के कार्य परिषद सदस्य और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में आयोजित जनजाति गौरव माह-2026 के दौरान व्यक्त किये।

कार्यक्रम का विषय ‘जनजाति समाज का गौरवशाली अतीत’ रखा गया था। इसकी अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक ज्ञान और वर्तमान समय में उसकी विरासत को संरक्षित करने की आवश्यकता पर विचार रखे।

मुख्य अतिथि राजीव शर्मा ने कहा कि देश में 700 से अधिक जनजातीय समुदाय निवास करते हैं और भारतीय समाज की संरचना में उनका विशिष्ट स्थान है। जनजातीय इतिहास को समझे बिना भारत के सामाजिक और स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास की संपूर्ण तस्वीर सामने नहीं आ सकती। उन्होंने कहा कि तिलका मांझी, रानी दुर्गावती और भगवान बिरसा मुंडा जैसे जनजातीय नायकों ने अपने संघर्ष और साहस से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। महाराणा प्रताप की सेना में पूंजा भील का योगदान भी ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिये जनजातीय समाज को संगठित किया तथा सामाजिक जागरूकता और स्वाभिमान का संदेश दिया। शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज की सामुदायिक एकता, आपसी सहयोग और समानता की भावना उसकी विशेष पहचान है। विकास की योजनाएं बनाते समय जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं, अस्मिता और वास्तविक जरूरतों को समझना जरूरी है। उन्होंने जनजातीय इतिहास पर प्रामाणिक शोध, पुस्तक लेखन और व्यवस्थित दस्तावेजीकरण की आवश्यकता भी बताई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि जनजातीय समाज की प्रकृति के साथ जुड़ी जीवनशैली, पारंपरिक ज्ञान और सामुदायिक चेतना भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर है। आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से जनजातीय भाषाओं, लोककलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को जनजातीय समाज के इतिहास और योगदान को शोध तथा अकादमिक गतिविधियों में प्रमुखता देनी चाहिए, ताकि इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।

विशिष्ट अतिथि वनवासी विकास समिति छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव अनुराग जैन ने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं, जीवन मूल्य और प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण पहचान हैं। इस समाज की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किये जाने चाहिये। विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष, समानता तथा सामाजिक चेतना का इतिहास है। संथाल विद्रोह जैसे आंदोलनों ने जनजातीय समुदायों की संगठित शक्ति और अधिकारों के प्रति जागरूकता को प्रदर्शित किया। उन्होंने जनजातीय समाज में महिलाओं की भूमिका और उन्हें मिलने वाले सामाजिक सम्मान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी परंपराओं में समानता के कई ऐसे उदाहरण मिलते हैं जो वर्तमान समाज के लिये भी प्रेरणादायक हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योति शर्मा ने किया। अंत में प्रबंधन विभागाध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष मंडावी ने अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment