- खेड़िया टॉकीज चौक से शुरू होकर खाटू श्याम मंदिर स्टेशन रोड पर होगा रैली का समापन, जिला कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने की अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील
मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल के मनेन्द्रगढ़ आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके स्वागत और अभिनंदन के लिये जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भव्य बाइक रैली का आयोजन किया जायेगा। रैली को लेकर मार्ग निर्धारित कर रूट चार्ट भी जारी कर दिया गया है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन पर आयोजित इस बाइक रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने जिले के सभी कांग्रेसजनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
जारी रूट चार्ट के अनुसार बाइक रैली की शुरुआत खेड़िया टॉकीज चौक से होगी। यहां से रैली विवेकानंद चौक पहुंचेगी। इसके बाद पुराना नगरपालिका तिराहा और हजारी चौक होते हुए खाटू श्याम मंदिर, स्टेशन रोड पहुंचकर संपन्न होगी।
कांग्रेस की ओर से इस आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भव्य स्वागत किया जायेगा। स्वप्निल सिन्हा ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से निर्धारित रूट और कार्यक्रम के अनुसार समय पर पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।











































