- 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे होगा मातृगोष्ठी का आयोजन, माताओं के अनुभवों और सुझावों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर होगा मंथन
मनेन्द्रगढ़। बच्चों के जीवन में संस्कारों की नींव रखने से लेकर उनके व्यक्तित्व को आकार देने तक मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसी भाव को केंद्र में रखते हुए सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में 21 नवंबर दिन शनिवार को मातृशक्ति-मातृगोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
इस संबंध में समिति के व्यवस्थापक दिनेश्वर मिश्रा ने बताया कि मां बच्चे की पहली शिक्षक और संस्कारों की प्रथम पाठशाला होती है। बचपन में मां से मिलने वाली सीख, व्यवहार और जीवन मूल्य ही आगे चलकर बच्चे के व्यक्तित्व की पहचान बनते हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराने में माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मातृगोष्ठी आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य मातृत्व के महत्व और बच्चों के जीवन में संस्कारों की उपयोगिता पर सार्थक चर्चा करना है। इस अवसर पर माताएं अपने अनुभव, विचार और सुझाव साझा करेंगी। उनके विचारों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ विद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्कारपरक गतिविधियों को और बेहतर बनाने की दिशा में उपयोगी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
विद्यालय की ओर से जारी आमंत्रण में भी इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि मां ही संस्कारों की प्रथम गुरु और श्रेष्ठ समाज के निर्माण की आधारशिला है। माताओं की सहभागिता से ही शिक्षा और संस्कारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है। समिति के व्यवस्थापक दिनेश्वर मिश्रा ने समस्त मातृशक्ति और नगर के गणमान्य नागरिकों से निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाने की अपील की है।











































