सिक्किम सुरंग बचाव अभियान में उतरी ईसीएल की विशेषज्ञ टीम
तीस्ता स्टेज-6 परियोजना हादसे के बाद 12 सदस्यीय खान बचाव दल तैनात, अत्याधुनिक उपकरणों के साथ नामची पहुंची टीम

आसनसोल, 22 जुलाई। राष्ट्रीय आपदा की इस गंभीर घड़ी में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए सिक्किम के नामची जिले में चल रहे सुरंग बचाव अभियान में अपनी विशेषीकृत खान बचाव टीम को तैनात किया है। एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना में सुरंग ध्वस्त होने की घटना के बाद भूमिगत खोज एवं बचाव कार्य को गति देने के लिए ईसीएल के 12 सदस्यीय विशेषज्ञ दल को मौके पर भेजा गया है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और एनएचपीसी द्वारा भूमिगत बचाव अभियानों में ईसीएल की विशेषज्ञता को देखते हुए सहयोग का अनुरोध किया गया था। अनुरोध प्राप्त होते ही ईसीएल प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बचाव दल को रवाना किया।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा के निर्देश पर ईसीएल माइंस रेस्क्यू स्टेशन, सीतारामपुर के अधीक्षक (बचाव) अभिजीत कुंडू के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम को विशेष मिशन पर भेजा गया। दल भारतीय वायु सेना के विमान से पानागढ़ एयर बेस से बागडोगरा पहुंचा, जहां से सड़क मार्ग द्वारा नामची जिले स्थित दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।
विशेषज्ञ बचाव दल अत्याधुनिक श्वसन यंत्रों, भूमिगत बचाव उपकरणों और आधुनिक सुरक्षा संसाधनों से लैस है। टीम के सदस्यों को जटिल भूमिगत आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य का लंबा अनुभव है। ईसीएल की खान बचाव सेवाएं वर्षों से देश के विभिन्न हिस्सों में खनन एवं औद्योगिक दुर्घटनाओं के दौरान सफल बचाव अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने कहा कि जब भी राष्ट्र को आवश्यकता होगी, ईसीएल अपनी विशेषज्ञता, प्रशिक्षित मानव संसाधन और तकनीकी क्षमता के साथ सेवा के लिए हमेशा तैयार रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ईसीएल का बचाव दल वर्तमान अभियान में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए राहत एवं बचाव कार्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि ईसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय आपदाओं और मानवीय संकट की परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करता है। कंपनी बचाव अभियान में लगी सभी एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है और आवश्यकता के अनुसार हरसंभव तकनीकी एवं मानवीय सहयोग प्रदान कर रही है।
ईसीएल की यह पहल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के प्रति उसकी संवेदनशीलता, तकनीकी दक्षता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। साथ ही यह भी दर्शाती है कि कोल इंडिया लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियां आवश्यकता पड़ने पर अपने विशेषज्ञ संसाधनों, आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित मानवबल को राष्ट्रहित में उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहती हैं।



































































