श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़

---Advertisement---

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़

राधा-कृष्ण की वेशभूषा से लेकर भजन, नृत्य और नाटिका तक बच्चों ने बिखेरा सांस्कृतिक रंग

मनेन्द्रगढ़। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भक्ति, भारतीय संस्कृति और बच्चों की सृजनात्मक प्रतिभा से सजे इस आयोजन में विद्यालय परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र एवं प्रार्थना से हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना की गई। प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थी राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे जिन्हें देखकर पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया

जन्माष्टमी समारोह में नर्सरी के बच्चों ने Peacock Feather Craft के जरिये अपनी रचनात्मकता दिखाई। KG-1 के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी जबकि KG-1 और KG-2 के बच्चों की लघु नाटिका ने दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ जीवन से जुड़ा सुंदर संदेश भी दिया। कार्यक्रम में कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने ‘गोविंद बोलो, हरि गोपाल बोलो’ भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसी कक्षा की छात्रा तन्वी ने जन्माष्टमी के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर अपने विचार रखे। कक्षा दसवीं की छात्रा सान्वी अग्रहरी ने कविता पाठ किया। इसके बाद कक्षा ग्यारहवीं, नवमी और पांचवीं (E) की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह भर दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अश्वनी वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से कर्तव्यनिष्ठा, सत्य, धैर्य, विवेक और निष्काम कर्म जैसे मूल्यों को अपनाने की सीख दी। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेम, करुणा, सद्भाव और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। विद्यालय की निदेशिका पूनम सिंह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, ज्ञान, कर्म, साहस और नेतृत्व की प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी ही ऐसे आयोजनों की सबसे बड़ी सफलता है

कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं के आद्विक आचार्य और शैली जायसवाल ने किया। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों, भक्ति संगीत और राधा कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने समारोह को यादगार बना दिया। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ का यह जन्माष्टमी समारोह भक्ति, संस्कृति और बाल प्रतिभा का सुंदर संगम बनकर सामने आया। समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ साथ श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा भी दी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment