दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत, आरोपी पति गिरफ्तार
10 दिन बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश, भेजा गया जेल
कोतमा। थाना अंतर्गत करीब 10 दिन पूर्व नवविवाहिता महिला की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को दहेज प्रताड़ना से हुई मौत के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित गोविंद कॉलरी का है
जानकारी के अनुसार 17 सितंबर को 20 वर्षीय नवविवाहिता नेहा चौहान का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया था। घटना के बाद मायके पक्ष ने उसके पति पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट एवं प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे
बताया गया कि मृतिका नेहा ने करीब छह माह पूर्व पवन चौहान के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों आमाडांड कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। मायके पक्ष का आरोप था कि पति द्वारा आए दिन विवाद करते हुए नेहा के साथ मारपीट की जाती थी और दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में थाने में शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई थी
मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा होने के कारण एसडीओपी आरती शाक्य के निर्देशन में पुलिस ने मामले की गंभीरता से विवेचना की। पुलिस ने मृतिका की मां, पिता, भाई सहित मायके पक्ष के अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। विवेचना के दौरान मृतिका के पति द्वारा आए दिन विवाद एवं मारपीट कर प्रताड़ित किए जाने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने आरोपी पति पवन चौहान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 108 एवं 85 के तहत प्रकरण दर्ज किया
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


































































