कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल में आज सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें कंपनी के 04 अधिकारियों तथा मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 02 कर्मचारियों सहित कुल 06 कार्मिकों का सेवानिवृत्ति सम्मान तथा अभिनन्दन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (पीएफ एवं पेंशन) श्री विद्युत् साहा, महाप्रबंधक (श्रमशक्ति एवं नियोजन) श्री अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक, सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मी तथा सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों के परिजन भी उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्त कर्मिकों हेतु सम्मान-पत्र वाचन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके उपरांत कार्मिकों को अंग-वस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक पूंजी उसका समर्पित कार्यबल होता है। संगठन की उपलब्धियाँ केवल नीतियों और योजनाओं का परिणाम नहीं, बल्कि उन सभी कार्मिकों के अथक परिश्रम का प्रतिफल हैं, जो वर्षों तक संगठन में अपनी सेवाएँ देते हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को अपनी शुभकामनाएँ दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बीसीसीएल परिवार का हिस्सा होने पर गर्व व्यक्त किया। कार्मिकों ने कंपनी के साथ बिताए अपने लंबे सफर को यादगार बताते हुए इसे अपने जीवन का एक अमूल्य क्षण बताया।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल से सितंबर माह में 04 अधिकारी एवं मुख्यालय तथा सभी क्षेत्रों से सेवानिवृत्त 147 कर्मचारियों सहित कुल 151 कार्मिक कंपनी से सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्त होने वाले कंपनी के 04 अधिकारियों और मुख्यालय से सेवानिवृत्त 02 कर्मचारियों के लिए कोयला भवन मुख्यालय में आज उपरोक्त समारोह का आयोजन हुआ। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में भी सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों के लिए सम्मान समारोह के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शामिल रहें – श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (खनन); श्री देबाशीष चक्रबर्ती, मुख्य प्रबंधक (खनन); मो. इल्यास अंसारी, मुख्य प्रबंधक (खनन); श्री राधे श्याम, सहायक प्रबंधक (उत्खनन); श्री अजय कुमार मिश्रा, मुख्य भण्डारपाल एवं श्री जोगेश राम, सफाई कर्मचारी।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क) श्री प्रणव ओझा ने किया।







































































